July 9, 2025 9:25 am

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जन्मदिवस पर इस बार नहीं होगा कोई भी उत्सव… जानिए क्या है वजह… कार्यकर्ता कर सकेंगे निवास में भेंट-मुलाकात

Anil

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का जन्मदिवस 23 अगस्त को उनके निर्वाचन क्षेत्र पाटन के कार्यकर्ता हर साल उत्सव के रूप में मनाते रहे हैं। इस दौरान उनकी मौजूदगी में कार्यकर्ताओं द्वारा विविध धार्मिक, सांस्कृतिक, सामाजिक व प्रेरक कार्यक्रमों के आयोजन की परंपरा रही है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। जानकारी के मुताबिक पितृ शोक के कारण पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपना जन्मोत्सव नहीं मनाएंगे। इसकी जगह वे सादगी के साथ अपने भिलाई तीन स्थित आवास में कार्यकर्ताओं से भेंट मुलाकात करेंगे।

गौरतलब है कि पिछले दिनों भूपेश बघेल के जन्मदिवस पर पूर्व वर्षों की भांति कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति के लिए पाटन विधानसभा के कार्यकर्ता उनके भिलाई-3 स्थित आवास पहुंचे थे। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के समक्ष पहले की तरह उत्सव के साथ जन्मोत्सव आयोजन का प्रस्ताव रखा गया। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पितृ शोक में किसी उत्सव को अनुचित करार देते हुए कार्यकर्ताओं से इस बार कोई भी तामझाम वाले आयोजन के बजाए सादगी के साथ बधाई संदेश की परंपरा निर्वहन की इच्छा जाहिर की। बता दें कि इसी साल जनवरी में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार बघेल का निधन हो गया। धार्मिक रीति रिवाज के मुताबिक अभी उनका वार्षिक श्राद्ध नहीं हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात के दौरान ओएसडी आशीष वर्मा, ब्लाक अध्यक्ष राजेश ठाकुर, अपेक्स बैंक के पूर्व डायरेक्टर राकेश ठाकुर, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पूर्व अध्यक्ष जवाहर वर्मा, कृषि उपज मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष अश्वनी साहू, जिला पंचायत के सभापति अशोक साहू, मोनू साहू, कुम्हारी नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर, अजय सिंगौर, उमाकांत चंद्राकर, प्रमोद राजपूत, धनेश पटेल, फुसनू कुर्रे, जनपद उपाध्यक्ष देवेंद्र चंद्रवंशी, किसान नेता पुरुषोत्तम तिवारी, शाकंभरी बोर्ड के पूर्व सदस्य पवन पटेल, मत्स्य बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष देवकुमार निषाद, जनपद सदस्य खिलेश मारकंडेय, रूपचंद साहू, दिनेश साहू, प्रशांत शुक्ला, अंशु रजक, नीरज सोनी, विष्णु चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।


कार्यकर्ताओं के आग्रह पर भावुक हुए पूर्व मुख्यमंत्री

जन्मोत्सव को लेकर कार्यकर्ताओं के आग्रह और पिता की याद कर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वे पाटन विधानसभा के कार्यकर्ताओं, समर्थकों और मतदाताओं के स्नेह और समर्पण को कभी भी भूला नहीं पाएंगे। बता दे कि पाटन के कार्यकर्ता सालों से स्वयं खर्च वहन कर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का जन्मोत्सव मनाते रहे हैं।

कार्यकर्ता करेंगे अपने-अपने स्तर पर सेवा कार्य

पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा जन्मोत्सव के रूप में किसी आयोजन की मनाही के बाद कार्यकर्ताओं ने अपने अपने स्तर पर सेवा के कार्य करने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कार्यकर्ता पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जन्मदिवस के दिन 23 अगस्त को पौधरोपण और स्कूली बच्चों को उपयोगी सामग्री वितरण करेंगे।

mirchilaal
Author: mirchilaal


Leave a Comment

Read More

Read More