February 19, 2025 10:24 am

सीएम हो या सामान्य कार्यकर्ता… सबको लेनी पड़ी भाजपा के नए सिरे से सदस्यता… जानिए ऐसा क्यों है और इसके लिए क्या करना होगा

भाजपा की सदस्यता अभियान की दुर्ग जिले के नेताओं को जानकारी देने पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बताया कि भाजपा संगठन अपना विस्तार कर रही है। जिसमें पुराने सदस्य तो दोबारा सदस्य बनेंगे ही लेकिन उनके साथ-साथ नए लोगों को भी बड़ी संख्या में सदस्य बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि चाहे सीएम हो या कोई भी बड़ा नेता अथवा सामान्य कार्यकर्ता ही हो, सबको नए सिरे से सदस्यता लेनी होगी।

भाजपा के राष्ट्रव्यापी सदस्यता अभियान प्रारंभ होने से पहले कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए कार्यशालाओं का दौर चल रहा है। इसी कड़ी में जिला संगठन की कार्यशाला गुरुवार को हुआ। जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव शामिल हुए। कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी का सदस्यता अभियान सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी और सर्वग्राही होनी चाहिए इसका मतलब यह है कि जिले का कोई भी हिस्सा सदस्यता अभियान से अछूता न रहे। हर गांव हर मोहल्ले में सदस्यता अभियान चलना चाहिए। जाति वर्ग और संप्रदाय के बंधन से परे हटकर समाज के हर तबके के बीच में सदस्यता अभियान चलना चाहिए। युवा, महिला, मजदूर, किसान, व्यापारी, गरीब, अमीर सहित हर वर्ग के लोग भाजपा के सदस्य बने यही लक्ष्य लेकर चलना है।

सांसद ने बताया सबकी सदस्यता समाप्त

सांसद विजय बघेल ने कहा कि भाजपा ने सबसे ज्यादा सदस्य बनाते हुए विश्व की सबसे बड़ी पार्टी होने का गौरव हासिल किया। देश में सबसे ज्यादा सांसद, विधायक, जिला पंचायत सदस्य और पार्षद भाजपा से हैं। आज भाजपा का हर राज्य में दखल है। भाजपा आज राष्ट्रव्यापी और सर्वव्यापी पार्टी बन चुकी है। अब सबकी प्राथमिक सदस्यता समाप्त हो चुकी है और सबको नए सिरे से भाजपा की सदस्यता लेनी है।

ऐसे बनाए जाएंगे नए सिरे से सदस्य

जिला सदस्यता अभियान के संयोजक राजेन्द्र कुमार पाध्ये ने पावर पाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि ऑनलाइन माध्यम से सदस्यता लेने के लिए तीन प्रकार की व्यवस्था रखी गई है। पहला 8800002024 पर मिस कॉल, दूसरा नमो ऐप और तीसरा क्यूआर कोड। उन्होंने बताया कि 3 सितंबर को प्रदेश के सभी जिलों में सदस्यता अभियान शुरू होगा।

प्रदेश अध्यक्ष को दिया स्मृति चिन्ह

जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, रविशंकर सिंह, रोहित साहू, डॉ. मानसी गुलाटी ने प्रदेश अध्यक्ष को स्मृति चिन्ह सौंपा। संचालन जिला भाजपा महामंत्री सुरेंद्र कौशिक व आभार प्रदर्शन डॉ. मानसी गुलाटी ने किया। विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, ललित चंद्राकर, गजेंद्र यादव, ईश्वर साहू, पूर्व मंत्री रमशिला साहू, जागेश्वर साहू, पूर्व संसदीय सचिव लाभचंद बाफना, पूर्व विधायक सावलाराम डाहरे मौजूद रहे।

mirchilaal
Author: mirchilaal

Anil

Leave a Comment

Read More

  • Poola Jada

Read More