February 19, 2025 2:17 pm

अब गांधी के रास्ते पर कांग्रेसी… देवेंद्र की गिरफ्तारी और पूर्व सीएम के काफिले को रोके जाने के खिलाफ उग्र आंदोलन के बाद अब काली पट्टा बांधकर गांधी प्रतिमा के सामने करेंगे मौन सत्याग्रह

पिछले महीनेभर से प्रदेश सरकार के खिलाफ मुखर व उग्र कांग्रेसी अब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शांति के मार्ग को अपनाकर सरकार की विफलताओं को जनता के सामने लाने का प्रयास करेंगे। इसके तहत 3 सितंबर मंगलवार को प्रदेशभर में कानून व्यवस्था और भाजपा सरकार की कथित विफलता को लेकर मौन सत्याग्रह किया जाएगा। दुर्ग जिला मुख्यालय में जिले के कांग्रेसी महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने काली पट्टी बांधकर मौन सत्याग्रह करेंगे।

गौरतलब है कि इससे पहले कांग्रेस ने बलौदाबाजार आगजनी कांड में कथित संलिप्तता के आरोप में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी के विरोध में 24 अगस्त को जिला मुख्यालय में और देवेंद्र की गिरफ्तरी के विरोध में जिला मुख्यालय में आयोजित धरना कार्यक्रम शामिल होने निकले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले को रोके जाने व इसके दोषियों को गिरफ्तार नहीं किए जाने के विरोध में 27 अगस्त को भिलाई तीन में बड़ा आंदोलन किया था। जिला मुख्यालय में आयोजित आंदोलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जबरदस्त भीड़ जुटी। इससे उत्साहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस का बेरीकेट्स तोड़कर कलेक्टोरेट की ओर जाने का प्रयास भी किया। कांग्रेस कार्यकर्ता पहले लेयर के बेरीकेट को तोडऩे में सफलता भी हासिल कर ली। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। हालांकि बाद में कांग्रेसी जिला प्रशासन के अफसरों को ज्ञापन सौंपकर लौट गए। वहीं इसके तीन दिन बाद ही 27 अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री के काफिले को रोके जाने के विरोध में कांग्रेस के नेताओं ने भिलाई तीन थाने के घेराव का प्रयास किया। इस उपक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ता थाने तक पहुंच पाते, इससे पहले ही पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए लाठीचार्ज कर दिया। मामले में कई कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं के खिलाफ अपराध भी पंजीबद्ध किया गया है।

प्रेस कांफ्रेंस कर नेताओं ने दी जानकारी

कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को कांग्रेस भवन में प्रेस कांफ्रेस कर मीडिया को मौन सत्याग्रह की जानकारी दी। इस दौरान नेताओं ने महिला अत्याचार व दुष्कर्म के बढ़ते मामलों पर सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए सरकार को इस पर अंकुश लगाने हर स्तर आंदोलन की बात कही। प्रेस कांफ्रेस में पूर्व विधायक अरुण वोरा, बदरूद्दीन कुरैशी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू, पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष आरएन वर्मा, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गया पटेल, भिलाई कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, महापौर धीरज बाकलीवाल, भिलाई महापौर नीरज पाल, सभापति राजेश यादव, कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष अलताफ अहमद, अजय मिश्रा, राजकुमार साहू, कांग्रेस नेता नासिर खोखर, सीजू एंथोनी, संदीप निरंकारी भी मौजूद रहे।

आरोप – 9 माह में अत्याचार के 3094 मामले

प्रेस कांफ्रेंस में नेताओं ने राज्य की भाजपा सरकार के 9 महीनों के कार्यकाल में प्रदेश में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ा है। प्रदेश में आए दिनों महिला से अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही है। जिससे महिलाएं अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रही है। इन घटनाओं ने प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। राज्य सरकार के कार्यकाल में महिला अत्याचार संबंधी 3094 मामलें थानों में दर्ज हुए है। जिसमें 600 घटनाएं महिलाओं से दुष्कर्म के है। भिलाई के डीपीएस स्कूल की मासूम बच्ची से भी ऐसी घटना प्रकाश में आई है, लेकिन मामले में दोषी के खिलाफ कार्यवाही के बजाय घटना को दबाने का प्रयास किया गया है।

mirchilaal
Author: mirchilaal

Anil

Leave a Comment

Read More

  • Poola Jada

Read More