प्रदेश में नगरीय निकाय चुनावों की तैयारी शुरू हो गई है। दिसंबर-जनवरी में संभावित इस चुनाव से पहले प्रदेश की भाजपा सरकार जनता को रिझाने की तैयारी कर रही है। इस क्रम में शहर को बड़ा तोहफा देने की तैयारी जा रही है। इसके लिए स्वयं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शहर में आएंगे और 22 करोड़ के निर्माण और विकास कार्यों के लिए भूमिपूजन करेंगे। विधायक गजेंद्र यादव की अगुवाई में शहर के भाजपाई मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी कर रहे हैं।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 27 सितंबर को दुर्ग आएंगे। बताया जा रहा है कि वे नगर निगम क्षेत्र में 22 करोड़ के मूलभूत आवश्यकताओं के कार्यों के लिए भूमिपूजन करेंगे। जिला भाजपा के पदाधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गया नगर वार्ड 4 में लगभग 2 करोड़ के सर्वसुविधायुक्त मांगलिक भवन निर्माण, उरला वार्ड 58 में 2 करोड़ से अधिक की लागत से बनने जा रहे खेल मैदान के साथ शहर के अलग-अलग वार्डो में 22 करोड़ से भी अधिक कि राशि के निर्माण व विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। बता दें कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद यह पहला अवसर है, जबकि इतनी बड़ी राशि से निर्माण और विकास कार्यों को मंजूरी मिली है। लिहाजा इसे नगरीय निकाय के चुनाव की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है। चुनाव के लिए इससे बेहतर माहौल बनाया जा सके, इसके लिए भाजपा के नेता व कार्यकर्ता कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
विधायक गजेंद्र ने दी पार्षदों को टार्गेट
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शहर आगमन की तैयारियों को लेकर शहर विधायक गजेंद्र यादव ने पीडब्लूडी रेस्ट हाऊस में भाजपा पार्षदों व पूर्व पार्षद के साथ बैठक की। बताया जा रहा है कि इस दौरानपार्षदों को मुख्यमंत्री की सभा में वार्ड से लोगों की भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दी गई। भाजपा नेताओं ने बताया कि सीएम साय के आगमन पर रोड शो के जरिए जगह जगह उनका स्वागत किया जाएगा।
पार्षदों के साथ भाजपा नेता भी रहे मौजूद
बैठक में नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा, उपनेता प्रतिपक्ष देवनारावण चंद्राकर, पूर्व सभापति दिनेश देवांगन, देवनारायण तांडी, पार्षद कांशीराम कोसरे, नरेंद्र बंजारे, नरेश तेजवानी, मनीष साहू अजीत वैद्य, ओम प्रकाश सेन, चमेली साहू, लीना दिनेश, देवांगन, कविता तांडी, कमल देवांगन, खिलावन मटियारा, द्वारिका साहू, हेमा जगदीश शर्मा, कुमारी साहू, राकेश भारती, गुलाब वर्मा, कुलेश्वर साहू, गुड्डू यादव, पूर्व पार्षद शंभू पटेल, विनोद ताम्रकार, शारदा गुप्ता, पीलिया साहू, विजय गोयल मौजूद थे।

Author: mirchilaal
