April 17, 2025 8:27 pm

टिकट के लिए किचकिच के बाद भी एक मंच पर आएंगे भाजपा के दिग्गज… जनता के दरबार में जाने से पहले एकजुटता दिखाने की जुगत

भाजपा कांग्रेस के प्रत्याशी आमने-सामने

दुर्ग नगर निगम के महापौर पद के प्रत्याशी के चयन को लेकर भाजपा में जमकर खींचतान चला। जिले के दिग्गज नेता भाजपा की राष्ट्रीय नेता सरोज पांडेय, सांसद विजय बघेल और संगठन के नेता अपने-अपने दावेदारों के लिए अंतिम समय तक अड़े रहे। बताया जा रहा है कि इसी तनातनी के चलते पहले तय हो चुके नाम को ऐन मौके पर बदलकर अलका बाघमार को प्रत्याशी बनाया गया। ऐसे में अब भाजपा की ओर से चुनाव के लिए जनता के बीच जाने से पहले नेताओं में एकजुटता दिखाने की प्रयास किया जा रहा है। इस क्रम में जिले के भाजपा के तमाम दिग्गज मंगलवार को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की मौजूदगी में एकमंच पर जुटेंगे। पुराना बस स्टैंड में सभा के बाद सभी भाजपा नेता प्रत्याशी अलका बाघमार के साथ कलेक्ट्रेट जाकर नामांकन दाखिल कराएंगे।

प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद शहर सरकार के भी भाजपा के कब्जे की संभावना बढ़ गई है। ऐसे में सत्ता सुख के चाह में नेताओं में होड़ स्वाभाविक है। यह नगर निगम के महापौर के साथ पार्षदों के पदों के लिए दावेदारी में भी स्पष्ट दिखाई दिया। आलम यह रहा कि पार्षदों के एक-एक पद के लिए नामों की लंबी सूची और अपने लोगों के लिए खींचतान के चलते जिला व संभागीय समिति की दो-दो दिन बैठक करनी पड़ी। नामों को लेकर तनातनी के चलते संभागीय बैठक को स्थगित तक करना पड़ा और अंतत: विवाद से बचने महापौर के प्रत्याशी का नाम पैनल बनाकर राजधानी भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि इस पैनल में अलका बाघमार के अलावा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय की करीबी कुमुद बघेल और संगठन की ओर से डॉ मानसी गुलाटी का भी नाम शामिल था। इन तीनों नामों पर आपसी सहमति के आधार पर किसी एक नाम पर फैसला करना था। जिला मुख्यालय से प्रदेश आलाकमान को सूची भेजने से पहले राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय की करीबी कुमुद बघेल का नाम तय हो जाने की खबर छनकर बाहर निकली थी। प्रदेश स्तर पर मिटिंग में संगठन के नेताओं के हावी हो जाने के कारण डॉ मानसी गुलाटी का नाम तय बताया जा रहा था, लेकिन अंत में लिफाफे से पहले सत्ता और अब संगठन में भागीदारी निभा रही अलका बाघमार का नाम सामने आया। अलका बाघमार सांसद विजय बघेल व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय दोनों की करीबी मानी जातीं हैं।

रैली के साथ शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

जिला भाजपा से मिली जानकारी के मुताबिक 28 जनवरी की दोपहर 12 बजे जिले के तमाम भाजपा नेता और कार्यकर्ता पुराना बस स्टैंड में जुटेंगे। यहां उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद विजय बघेल, राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पांडेय, जिला प्रभारी राजीव अग्रवाल, विधायक गजेंद्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर सहित सभी नेता मौजूद रहेंगे। पुराना बस से सभी रैली की शक्ल में कलेक्टोरेट जाएंगे और भाजपा प्रत्याशी अलका बाघमार को नामांकन दाखिल कराएंगे।

mirchilaal
Author: mirchilaal

Anil

Leave a Comment

Read More

  • Poola Jada

Read More