February 18, 2025 1:17 am

नगरीय निकाय चुनाव भाजपा कांग्रेस में सीधा टक्कर महापौर के लिए सिर्फ 02 प्रत्याशी मैदान में

दुर्ग. नगरीय निकाय चुनाव के नामांकन का आज आखिरी दिन समाप्त हो गया जिसमें भाजपा और कांग्रेस के अलावा एक भी निर्दलीय प्रत्याशी ने महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया है जिसके बाद दुर्ग नगर निगम चुनाव में भाजपा और कांग्रेस का सीधा टक्कर माना जा रहा है। भाजपा ने अपना अधिकृत प्रत्याशी अल्का बाघमार को बनाया है। जिसको लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। तो वहीं कांग्रेस ने अपना महापौर प्रत्याशी प्रेमलता साहू को बनाया है।

भाजपा ने आज नामांकन रैली के साथ सभा का भी आयोजन किया । नामांकन रैली में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पाण्डेय, जिला प्रभारी राजीव अग्रवाल, विधायक गजेंद्र यादव सहित अनेक नेता गण मौजूद रहे ।

नामांकन उपरांत मीडिया से चर्चा में गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि दुर्ग नगर निगम के चुनाव में भाजपा की महापौर प्रत्याशी और पूरे 60 वार्डों के पार्षद प्रत्याशी प्रचंड मतों से जीत दर्ज करेंगे। दुर्ग शहर में बहुत सारे विकास कार्य लंबित है। इन कार्यों को राज्य सरकार और महापौर द्वारा पूरा किया जाएगा। श्री शर्मा ने कहा कि राज्य की पूर्व कांग्रेस सरकार ने कोई कार्य नहीं किया है। कांग्रेस द्वारा जनता से केवल वादाखिलाफी की गई थी। घोषणा पत्र के वादों को भी कांग्रेस द्वारा पूरा नहीं किया गया है। महिलाओं को प्रतिमाह 500 देने का वादा किया गया था, लेकिन पिछले 5 वर्षों में महिलाओं को 1 रुपए नहीं मिला लेकिन राज्य की विष्णुदेव साय सरकार 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना अंतर्गत 1000 रुपए प्रतिमाह दे रही है। महिलाओं को अब तक 11 किस्त मिल चुकी है। इस योजना से शहरी क्षेत्र की 20 लाख महिलाएं लाभान्वित हो रही है। भाजपा ने जो भी वादा किया है, उसे प्राथमिकता के साथ पूरा कर रही है। उन्होंने निगम चुनाव में टिकट वितरण से जुड़े एक सवाल के जवाब में कहा कि टिकट वितरण में नाराजगी का कोई प्रश्न ही नहीं है। भाजपा में प्रत्याशियों के चयन के बाद सभी एकजुट है। श्री शर्मा ने कहा कि टिकट वितरण का आधार जाति नहीं होता है। अलका बाघमार योग्य प्रत्याशी है। उन्होंने संगठन में पूरी क्षमता के साथ गजब का कार्य किया है। महापौर बनने के बाद वे पूरे ताकत के साथ कार्य करेगी।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा 10 में से 10 महापौर सीट पर चुनाव जीतेगी। प्रत्यक्ष चुनाव प्रणाली से भाजपा चुनाव करवा रही है। जनता ने भाजपा के पक्ष में स्पष्ट मन बना लिया है। जनता ने राज्य की विष्णुदेव साय सरकार के 1 वर्ष के कार्यकाल को देखा है। राज्य सरकार की एक वर्ष की उपलब्धि भरे कार्य भाजपा की जीत का आधार बनेगी।

कांग्रेस ने भी कांग्रेस भवन से नामांकन रैली निकाली जिसमें कांग्रेस के पार्षद प्रत्याशी सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। साथ ही पुर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, पुर्व विधायक अरुण वोरा महापौर धीरज बाकलीवाल उपस्थित रहे।

कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी प्रेमलता साहू के नामांकन रैली में स्थानीय कांग्रेस नेता शामिल हुए। इस दौरान मीडिया से चर्चा के दौरान पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि दुर्ग नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के महापौर और पार्षद प्रत्याशी जीतेंगे। उन्होने कहा कि प्रदेश में बदलाव की लहर है। भाजपा ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में कुछ भी नहीं किया है। भाजपा की कथनी व करनी को जनता समझ चुकी है। जिससे जनता ने बदलाव का मन बना लिया है। श्री वोरा ने कहा कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट है और पूरी ताकत से नगर निगम चुनाव लड़ रहे है। जिससे कांग्रेस को जीत मिलेगी।

mirchilaal
Author: mirchilaal

Anil

Leave a Comment

Read More

  • Poola Jada

Read More