
भाजपा ने कांग्रेस का दुर्ग एक बार फिर छीन लिया है। यह कमाल भाजपा की महापौर प्रत्याशी अलका बाघमार ने किया है। उन्होंने कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी प्रेमलता साहू को एकतरफा मुकाबले में रिकार्ड मतों से पराजित किया। भाजपा की अलका बाघमार को 107642 मतदाताओं का समर्थन मिला। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमलता साहू को केवल 40347 मतों से ही संतोष करना पड़ा। इस तरह भाजपा प्रत्याशी अलका बाघमार ने रिकार्ड 67295 मतों से जीत हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही भाजपा प्रत्याशी अलका बाघमार का शहर की बारहवीं महापौर के रूप में ताजपोशी का रास्ता साफ हो गया है। वे कांग्रेस के पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल की जगह लेंगी। अलका बाघमार शहर की चौथी महिला महापौर होंगी

गौरतलब है कि शहर सरकार के मुखिया और नगर निगम की सदन में 60 प्रतिनिधि पार्षदों के चुनाव के लिए शहर के 2 लाख 37 हजार 955 में से 1 लाख 51 हजार 763 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया गया। चुनाव मैदान में उतरे महापौर के 2 और पार्षदों के 228 प्रतिस्पर्धियों के भाग्य के फैसले के लिए 11 फरवरी को जनता का फैसला ईवीएम में बंद कराया गया था। मंगलवार को भारती कालेज के परिसर में रखे इन ईवीएम मशीनों को खोलकर मतों की गणना कराया गया। गणना के लिए प्रत्येक वार्ड के हिसाब से एक टेबल यानि कुल 60 टेबल लगाए गए थे। इन टेबलों में संबंधित वार्ड के सभी मतदान केंद्रों में डाले गए वोटों की गणना की गई। प्रत्येक ईवीएम में पहले महापौर और उसके बाद पार्षदों के वोटों की गणना की गई। इसके साथ ही शहरी की सत्ता का मुखिया कौन होगा और जनता के अपने प्रतिनिधि के रूप में किसे चुना है इसका फैसला हो गया।

Author: mirchilaal
