July 9, 2025 8:22 am

भाजपा ने जनपद पंचायत के पूर्व अध्यक्ष और उनके पति जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष को किया बाहर… जानिए क्या है वजह…

Anil

दुर्ग जनपद पंचायत की पूर्व अध्यक्ष संतोषी देशमुख को भाजपा ने पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इसकी वजह जनपद अध्यक्ष के ताजा चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ पूर्व अध्यक्ष संतोषी देशमुख के लडऩे और इसके बाद दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर से उनकी अनबन को बताया जा रहा है। पूर्व जनपद अध्यक्ष संतोषी देशमुख के साथ उनके पति दुर्ग जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष व दिग्गज नेता कृष्णा देशमुख को भी निष्कासित किए जाने की जानकारी सामने आ रही है।

दुर्ग जनपद पंचायत की पूर्व अध्यक्ष संतोषी देशमुख को पार्टी से निष्कासित किए जाने के संबंध में प्रदेश महामंत्री जगदीश रामू रोहरा का पत्र सामने आया है। जिसमें पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ लड़कर अनुशासनहीनता का हवाला देकर 6 साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किए जाने की बात कही गई है। गौरतलब है कि पूर्व जनपद अध्यक्ष संतोषी देशमुख ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में क्षेत्र क्रमांक 5 से जनपद सदस्य का चुनाव लड़ा था। जीत के बाद उन्होंने जनपद अध्यक्ष के चुनाव में भी दावेदारी की थी, लेकिन जनपद अध्यक्ष के चुनाव में उनकी वरिष्ठता और दरकिनार कर अन्य को अधिकृत कर दिया गया। इससे नाराज होकर वे भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ ही चुनाव मैदान में उतर गई थी। हालांकि इसमें वे पराजित हो गई थीं। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव में उतरने को ही निष्कासन का कारण बताया गया है।


बिगड़ सकता है राजनीतिक समीकरण

पूर्व जनपद अध्यक्ष संतोषी देशमुख और उनके पति पूर्व जनपद उपाध्यक्ष कृष्णा देशमुख के निष्कासन से दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का राजनीतिक गणित गड़बड़ाने की संभावना जताई जा रही है। बता दे कि दुर्ग ग्रामीण विधानसभा में सर्वाधिक मतदाताओं की संख्या कुर्मि समाज की है और पूर्व जनपद उपाध्यक्ष कुर्मि समाज के कद्दावर नेताओं में गिने जाते हैं। इस कार्रवाई से कुर्मि समाज के मतदाताओं में नाराजगी बढ़ सकती है।

प्रदेश आलाकमान के पास पहुंचा मामला

पूर्व जनपद अध्यक्ष संतोषी देशमुख ने मामले को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने निष्कासन को अनुचित बताकर रद्द करने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि नियमानुसार उन्हें पार्टी फोरम में अपना पक्ष रखे जाने का अवसर दिया जाना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया है। इस तरह कार्रवाई एकपक्षीय की गई है। उन्होंने कहा है कि द्वेषपूर्ण एकपक्षीय कार्रवाई की गई है।

mirchilaal
Author: mirchilaal


Leave a Comment

Read More

Read More